ये आकाशवाणी है – ताज़ा समाचार

साप्ताहिक कहानी – 25

वर्ष 1982. तारीख़ 26 जुलाई. दोपहर बाद रेडियो पर समाचार।

“ये आकाशवाणी है। ज्ञात सूत्रों के अनुसार सिने कलाकार अमिताभ बच्चन....”

स्कूल से लौटी निधि को गेट पर ही उसकी दोस्त मिल गई, “पता है, अमिताभ बच्चन को बहुत चोट लग गई। बुरी तरह घायल हैं। सब कह रहे हैं बचना मुश्किल है।”

“चुप रहो! पागल हो क्या? ऐसा हो ही नहीं सकता!”

नन्ही निधि फ़िल्म कलाकार के नाम पर केवल एक नाम ही जानती थी – अमिताभ बच्चन। उसके हिसाब से शेष सभी कलाकार उस एक कलाकार के आसपास ही घूमते थे। फ़िल्मी दुनिया की उसकी समझ एक ही किरदार के इर्दगिर्द घूमती थी- बुराई के विरुद्ध लड़ने वाला साहसी, हिम्मती और ताक़तवर इंसान। उतना ताक़तवर इंसान घायल कैसे हो सकता है?

लेकिन जब तक घर के बड़े अपने-अपने काम से लौटते, समाचार की पुष्टि होने लगी। और निधि ही नहीं आसपास तमाम लोगों के दिल डूबने लगे। आकाशवाणी पर लगातार समाचार में प्राथमिकता – सदी के महानायक का खिताब भले ही उस समय तक नहीं मिला था, लेकिन देश के अधिकतर सिने प्रेमियों के दिलों पर राज तो करते ही थे।

बूढ़ी नानी, सुबह से शाम तक रेडियो के पास रहतीं। एक भी समाचार न छोड़तीं। उस कलाकार की स्थिति जानने के लिए समाचार वाचक के एक-एक शब्द ध्यान से सुनतीं। लेकिन जब स्थिति में सुधार होने लगा, समाचार बुलेटिन में यह समाचार पीछे जाने लगा, तब उनका गुस्सा देखने लायक़ होता – “वो लड़का वहाँ बीमार पड़ा है, ये नहीं कि उसकी ख़बर दें। रेडियो वालों को देश दुनिया की ज़्यादा फ़िक्र है।” नानी का गुस्सा रेडियो पर समाचार वाचक पर फूटता और मामा हँसकर अपनी माँ को बाहर से इकट्ठे किए समाचारों से बहलाते।

ये दौर था जब ताज़ा समाचार का एक ही माध्यम था – रेडियो पर आकाशवाणी के समाचार। जिसे अधिकतर लोग ऑफिस या कामकाज के बीच सुन भी नहीं पाते थे। या गाना सुनने वाले लोग केवल विविध भारती तक ही सीमित रह जाते थे।

बात उस समय की है जब सारे दिन का समाचार अगले दिन के अख़बार में ही मिलता था।  

सुबह अखबार में कोई समाचार नहीं मिला तो ताज़ा समाचार के लिए केवल रेडियो का सहारा। जो कुछ कुछ घंटों में आकाशवाणी पर देश-दुनिया के संक्षिप्त समाचार देता था... शायद दस-दस मिनट की बुलेटिन में। सुबह आठ बजे और रात के नौ बजे के समाचार बड़े होते थे जो विविध भारती पर भी सुनाई देते थे।

कोई अफ़वाह फैली, तो रेडियो या अगले दिन के समाचार पत्र पर पुष्टि आने तक वो अपना असर दिखा चुकी होती थी।

घरों, मोहल्लों, पान की दुकानों, चाय की टपरी, हर जगह लोग सुनते और आते-जाते लोग सुनने भी खड़े हो जाते। कितनी ही चाय और पान की दुकानों की बिक्री शायद समाचार सुनने के चक्कर में बढ़ जाती होगी।

ये आकाशवाणी है - लोग कहीं भी रेडियो पर समाचार सुनने लगते थे। कितनी दोस्ती ऐसी जगहों पर ही शुरू होती और यहीं ख़त्म भी हो जाती थीं।

निधि की आँखें मुस्करा उठीं। अब तो कितना बढ़िया है। सोशल मीडिया पर लोग अपने समाचार ख़ुद ही दे देते हैं।

समाचार के ऐप्स हैं जो सारा दिन समाचार के अपडेट देते रहते हैं।

हालाँकि कुछ लोग आज भी अफ़वाहें फैलाकर झूठ के बाज़ार गर्म किया करते हैं, लेकिन उतनी ही शीघ्रता से उनके खंडन भी किए जा सकते हैं।

चालीस साल पहले जो समाचार केवल समाचार-पत्रों और आकाशवाणी तक सीमित थे, आज मोबाइल ऐप के माध्यम से हम सबके हाथों में मौजूद हैं – देते रहते हैं, पल-पल की ख़बरें और सोशल मीडिया पर कभी-कभी होते रहते हैं, अफ़वाहों के बाज़ार गर्म!

  • गरिमा