साप्ताहिक कहानी – 26 – 1 नवंबर, 2026
अपनी पसंदीदा बाल पत्रिका को पढ़ते-पढ़ते अंतिम पृष्ठ पर पहुँच कर एक बार फिर गौरी की निगाह पत्र-मित्रता वाले पृष्ठ पर अटक गई। कोई आठ-दस बच्चों की तस्वीरें, तस्वीरों के नीचे उन बच्चों के नाम, आयु और उनकी रुचियाँ। साथ ही उनका पता। किसी-किसी से संपर्क करने के लिए उनका पोस्ट बॉक्स नंबर।
हर बार की तरह इस बार भी गौरी की निगाहें देर तक इस पृष्ठ पर टिकी रहीं। सब बच्चों के परिचय बहुत ध्यान से पढ़ती रही। इस बार नहीं रहा गया। माँ से पूछ ही बैठी – “मैं भी किसी को पत्र भेजकर उनके साथ दोस्ती करूँ?
माँ ने थोड़ी देर उसकी ओर देखा और पूछा, “जिन्हें जानती नहीं उनसे दोस्ती कैसे करोगी?”
“उनके बारे में यहाँ लिखा तो है।”
“कैसे पता सच लिखा है या नहीं?”
मन संदेह में घिर गया। “फिर?”
“हाँ, सही ही है। बच्चों के चेहरे और परिचय के पीछे न जाने कौन हो, क्या पता? किसी को अपने घर का पता कैसे दे सकते हैं?”
माँ के संदेह पर सतर्क हुई गौरी सोच में डूबी रही।
पत्र-मित्र का पृष्ठ उसके बाद अनेक वर्षों तक लुभाता तो रहा, लेकिन किसी अनजान को पत्र भेजने का साहस नहीं जुटा सकी।
भले ही, यह भी सच है कि इस प्रकार के पत्र-व्यवहार उस युग के बच्चों के व्यक्तित्त्व में विशेष आयाम जोड़ते थे। उनमें अनजान लोगों के साथ मित्रता बनाने का आत्मविश्वास विकसित होता था। लोगों को परखने, समझने और विचारों को समझने का अवसर मिलता था। साथ ही, पत्र-व्यवहार से उनकी लेखन-क्षमता का विकास होता और भाषा पर पकड़ बढ़ती थी।

सोशल मीडिया पर फ़ीड चेक करती मोबाइल पर स्क्रॉल करती गौरी की उँगलियाँ सहसा थम गईं।
“कितने लोगों की पोस्ट लाइक करती हूँ। कितने लोगों की मैसेज के जवाब भी दे देती हूँ।
बहुत से ऐसे जिनकी प्रोफ़ाइल पर उनकी तस्वीर भी नहीं।
बहुत से ऐसे भी हो सकते हैं जिनके चेहरे न हों। बहुत से ऐसे भी हो सकते हैं जिनका परिचय भी असली न हो।
फिर भी हम बात कर लेते हैं।
पत्र-मित्रता का वो दौर, आज के सोशल मीडिया जैसा नहीं था?
अनजान लोगों से मित्रता की असीमित संभावना।
कभी आत्मीयता से भरपूर मित्रता का अंबार, तो कभी छोटे-मोटे ख़तरे की घंटियाँ भी संभव।
- गरिमा
